image

बीमार विश्वासी से मिलने जाते समय मैक्सिको के कैथोलिक पुरोहित को गोली मारी गई, हालत गंभीर

विलाहेरमोसा, मैक्सिको, जुलाई 2, 2025: मैक्सिको में एक कैथोलिक पुरोहित, फादर हेक्टर अलेजांद्रो पेरेज़ को 30 जून की सुबह उस समय गोली मारी गई जब वे विलाहेरमोसा, तबास्को में अपने पल्ली निवास से एक बीमार विश्वासी से मिलने जा रहे थे। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।


2 जुलाई को ओएसवी न्यूज़ द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर, जो कथित तौर पर एक मोटरसाइकिल पर था, उसने फादर हेक्टर पर सुबह लगभग 5:45 पर संत फ्रांसिस ऑफ असीसी पल्ली से निकलते समय चार गोलियां चलाईं, जिससे उन्हें गंभीर आंतरिक चोटें आईं। हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि स्थानीय प्रशासन और तबास्को धर्मप्रान्त को संदेह है कि यह पहचान की गलती का मामला हो सकता है।


फादर पेरेज़ को गोली लगने के बाद आपातकालीन सर्जरी कराई गई और तबास्को धर्मप्रान्त द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, उनकी हालत "बहुत गंभीर" बनी हुई है। चिकित्सा कर्मचारियों ने उन्हें ह्यूमरस (बाजू की हड्डी) में फ्रैक्चर, यकृत और बड़ी आंत में चोटें तथा अत्यधिक रक्तस्राव के कारण 72 घंटे के लिए वेंटिलेटर (इंटुबेटेड) पर रखा है।


तबास्को के धर्माध्यक्ष गेरार्डो दे जेसूस रोजास लोपेज़ ने 30 जून को जारी एक बयान में इस हमले की कड़ी निंदा की।


"तबास्को धर्मप्रान्त इस बर्बर कृत्य की पूरी तरह निंदा करता है," उन्होंने कहा। "हम प्रभु से प्रार्थना करते है कि वह अन्यायी हमलावरों के हृदयों को परिवर्तन और पश्चाताप की ओर मोड़े और सभी विश्वासी एवं सद्भावना से युक्त लोग हमारे प्रिय तबास्को में शांति की खोज में एकजुट हों।"


यह हमला मैक्सिको में,विशेष रूप से तबास्को राज्य में, बढ़ती हिंसा को लेकर बढ़ती चिंता को दर्शाता है — जो कि एक खाड़ी तटवर्ती राज्य है और अब जबरन वसूली जैसी आपराधिक गतिविधियों से प्रभावित हो रहा है। कभी अपेक्षाकृत शांत माने जाने वाले तबास्को में अब हिंसक घटनाओं में वृद्धि हो रही है, जो पूरे देश में बढ़ती हिंसा की प्रवृत्ति को दर्शाती है।


कैथोलिक मल्टीमीडिया सेंटर के आंकड़ों के अनुसार।2006 से अब तक मैक्सिको में कम से कम 52 पुरोहितों की हत्या हो चुकी है।


2022 में, दो जेसुइट पादरी, जोआक्विन मोरा और जेवियर कैम्पोस की उत्तरी चिहुआहुआ राज्य में उनके पैरिश में हत्या कर दी गई, जब वे एक ऐसे व्यक्ति को शरण दे रहे थे, जिसका पीछा एक जाना माना अपराधी कर रहा था। अक्टूबर 2024 में, दक्षिणी चियापास राज्य के संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में काम करने वाले एक आदिवासी पुरोहित फादर मार्सेलो पेरेज़ की भी, मिस्सा चढ़ाने के बाद हत्या कर दी गई थी।


सौजन्य: ओएसवी न्यूज़

चित्र स्रोत: यूट्यूब

© 2025 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP